समाहरणालय से मतदान दल रवाना, प्रशासन ने कसी कमर

समाहरणालय से मतदान दल रवाना, प्रशासन ने कसी कमर

लातेहार ़ नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल संचालन को लेकर लातेहार जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. नगर पंचायत क्षेत्र में 23 फरवरी को होने वाले मतदान के मद्देनजर रविवार को समाहरणालय परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों को रवाना किया गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर पोलिंग पार्टियों को उनके गंतव्य केंद्रों की ओर भेजा. जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वह्न करें : इस दौरान डिस्पैच सेंटर पर मतदान सामग्री, मतपेटिका, मतपत्र एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का विधिवत वितरण किया गया. मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने मतदान कर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें कर्तव्य बोध का पाठ पढ़ाया. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने निर्देश दिया कि सभी मतदान कर्मी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वह्न करें. उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे. सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की : पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और मतदान कर्मियों को पुलिस बल के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों सहित सभी बूथों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. मतदान कर्मियों की सुविधा के लिए कलस्टरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और निर्बाध बिजली की व्यवस्था की गयी है. साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सीय दलों की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है. मतदाताओं से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील : अंत में, जिला प्रशासन ने लातेहार के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है. अधिकारियों ने पोलिंग पार्टियों को सफल एवं शांतिपूर्ण मतदान की शुभकामनाएं देते हुए विदा किया. 23 फरवरी को होने वाले इस मतदान पर पूरे जिले की नजरें टिकी हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >