चंदवा. बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन कराने को लेकर स्थानीय पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर सघन वाहन जांच अभियान चलाया. पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह के नेतृत्व में थाना गेट के सामने वाहनों की जांच की गयी.
चार दर्जन वाहनों की हुई जांच
अभियान के दौरान पुलिस ने करीब चार दर्जन छोटे-बड़े वाहनों को रोककर आवश्यक दस्तावेज, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और बाइक सवारों के हेलमेट की जांच की. वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से अल्कोहल जांच भी की गयी. हालांकि जांच के दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाने का कोई मामला सामने नहीं आया.
वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब दो दर्जन वाहनों को पुलिस ने पकड़ा. इनमें ऑटो भी शामिल हैं. पकड़े गये वाहनों की सूची अग्रतर कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को भेज दी गयी है.
थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह ने बाइक चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की. उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
