चंदवा: मेन रोड स्थित पुराने पोस्टऑफिस के समीप मंगलवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में उसकी पत्नी गंभीर असरीता उरांव गंभीर रूप से घायल है. मृतक की पहचान हिसरी गांव निवासी पिंटू उरांव (40 वर्ष) पिता जोखन उरांव के रूप में की गयी है.
कैसे हुई घटना
जानकारी के अनुसार करमा पर्व को लेकर पिंटू उरांव बाइक की मदद से अपनी पत्नी के साथ बेटी को लाने कुड़ू जा रहे थे. उनकी बेटी वहां हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है. इसी दौरान पुराने पोस्टऑफिस के समीप विपरीत दिशा से आ रहे अमूल दूध लदा पिकअप वाहन ने तेजी से वितरित दिशा में आकर उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को सीएचसी पहुंचाया. यहां चिकित्सक ने जांच के बाद पिंटू उरांव को मृत घोषित कर दिया. असरीता का एक पैर टूट गया है. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया है. पुलिस ने वाहन जब्त कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी थी.
करमा पर्व की खुशियां मातम में बदलीं
पिंटू उरांव की मौत की खबर फैलते ही हिसरी गांव में मातम छा गया. परिजनों में कोहराम मचा है. बेटी को घर लाने निकले परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं. ज्ञात हो कि मृतक के दो बच्चे है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में शोक की लहर है.
