बारियातू (लातेहार): प्रखंड मुख्यालय स्थित राजा मोटरसाइकिल वर्कशॉप के समीप मंगलवार को 33 हजार वोल्ट विद्युत प्रवाहित केबल में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई. घटना के दौरान तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई. हालांकि समय रहते विद्युत विभाग को सूचना दे दी गई, जिसके बाद कर्मियों ने बिजली काट दी.
ग्रामीणों ने बताया कि कड़रका नदी से मुख्य सड़क के किनारे-किनारे प्लस टू उच्च विद्यालय होकर 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजरी है. कई स्थानों पर विद्युत तार पेड़ों की डालियों से सटे हुए हैं. बरसात के मौसम में डालियों के संपर्क में आने से शॉर्ट सर्किट होता है और तार में आग लग जाती है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से विद्युत लाइन से सटी पेड़ों की डालियों की शीघ्र छंटाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके.
