मइयां सम्मान योजना में 50 फीसदी लाभुकों का भी नहीं हो पाया सत्यापन, कटेगा नाम

मइयां सम्मान योजना में 50 फीसदी लाभुकों का भी नहीं हो पाया सत्यापन, कटेगा नाम

चंदवा़ हेमंत सरकार की अति महत्वाकांक्षी झारखंड मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना के क्रियान्वयन में चंदवा प्रखंड में भारी उदासीनता देखी जा रही है. आलम यह है कि प्रखंड में अब तक महज 50 फीसदी लाभुकों का ही भौतिक सत्यापन हो पाया है. प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चंदन प्रसाद द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 3855 लाभुकों का सत्यापन किया जाना था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी लक्ष्य आधा ही पूरा हो सका है. पोर्टल पर गलत राशन कार्ड नंबर बनी बाधा : विभागीय पत्र के अनुसार, प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में बड़ी संख्या में लाभुकों के राशन कार्ड नंबर पोर्टल पर त्रुटिपूर्ण दर्ज हैं. इस तकनीकी गड़बड़ी को सुधारने के लिए भौतिक सत्यापन अनिवार्य है, लेकिन लाभुक इसमें अपेक्षित रुचि नहीं दिखा रहे हैं. यदि राशन कार्ड का मिलान नहीं हुआ, तो योग्य होते हुए भी महिलाओं को योजना की अगली किस्तों से हाथ धोना पड़ सकता है. 31 जनवरी की डेडलाइन पार, इन पंचायतों की स्थिति नाजुक : प्रखंड कार्यालय ने सभी पंचायत सहायकों और मुखियाओं को 31 जनवरी 2026 तक सत्यापन कार्य पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया था. सबसे खराब स्थिति अलौदिया, बनहरदी, बारी, बरवाटोली, बोदा, चकला, चंदवा पूर्वी व पश्चिमी, चेटर, डुमारो, हुटाप, जमीरा, कामता, लाधुप, माल्हन, सासंग एवं सेरक पंचायतों की है. इन क्षेत्रों में हजारों की संख्या में लाभुक अभी भी अनवेरिफाइड श्रेणी में हैं. कई लाभुकों ने अब तक जरूरी कागजात जमा नहीं किये हैं : इस संबंध में चंदवा बीडीओ चंदन प्रसाद ने कहा कि सभी पंचायत सहायक व मुखिया को पत्र के माध्यम से सूचित किया जा चुका है. कई लाभुकों ने अब तक जरूरी कागजात जमा नहीं किये हैं. ऐसे लाभुकों को अयोग्य श्रेणी में डालते हुए योजना से वंचित किया जा सकता है. लाभुक अविलंब आधार और राशन कार्ड की फोटो कॉपी कार्यालय में जमा करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >