लातेहार. जिला समाहरणालय में उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की बैठक हुई. बैठक में उपायुक्त ने मादक पदार्थों की बिक्री और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अधिकारियों को कई निर्देश दिये. उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को विद्यालयों और महाविद्यालयों के 100 मीटर की परिधि में मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए नियमित निरीक्षण करने को कहा.
मादक पदार्थों की बिक्री पर तत्काल कार्रवाई
अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या कारोबार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. स्वास्थ्य विभाग को नशीली दवाओं के दुरुपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने को कहा गया. इसके लिए नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, बैनर समेत अन्य प्रचार माध्यमों का इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया.उपायुक्त ने प्रिस्क्रिप्शन आधारित दवाओं, विशेषकर ट्रामाडोल जैसी दवाओं की बिक्री और उपयोग की नियमित निगरानी का निर्देश दिया.
ये भी पढ़ें: झारखंड का सबसे ऊंचा लोध फॉल में जलस्तर बढ़ा, लकड़ी के पुल पर पर्यटकों की आवाजाही पर रोक
अवैध शराब के कारोबार पर भी हुई चर्चा
औषधि निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों को मेडिकल दुकानों का निरीक्षण कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में अवैध शराब के कारोबार पर भी चर्चा हुई. उत्पाद विभाग को राष्ट्रीय राजमार्ग समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार छापामारी और निगरानी अभियान चलाने तथा अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान पूरी गंभीरता से चलाया जाए. सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय-सीमा में निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें. बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, डीएफओ प्रवेश अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला खनन पदाधिकारी मो नदिम सफी समेत कई अधिकारी मौजूद थे.
