लातेहार:झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नारायण प्रसाद ने सरकार से संघ की सात सूत्री मांगों को पूरा करने की मांग की है. वे शनिवार को समाहरणालय परिसर में संघ के तत्वावधान में आयोजित एक दिनी धरना को संबोधित कर रहे थे.
श्री प्रसाद ने वेतन निर्धारण फिटमेंट टेबल अविलंब लागू करने व मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापकों को पूर्व की भांति निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी बनाने तथा प्रधानाध्यापक सहित विभिन्न ग्रेड पर प्रोन्नत करने की मांग की. वरीय उपाध्यक्ष नंदगोपाल पांडेय ने नियुक्ति तिथि से ग्रेड वन संबंधी उच्चतम न्यायालय के आदेश का पालन करने एवं प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति की मांग राज्य सरकार से की. उपाध्यक्ष आदित्य प्रसाद एवं प्रधान सचिव उपेंद्र मिश्र ने पारा शिक्षकों को नियमित करने एवं मानदेय बढ़ाने की मांग की. पारा शिक्षक संघ के अध्यक्ष अतुल कुमार, संरक्षक अभिनय मिश्र एवं जगतमणी वैद्य ने प्राथमिक शिक्षक संघ की मांगों को जायज बताया और उसे पूरा करने की मांग सरकार से की.
श्री कुमार ने कहा कि राज्य के सरकारी एवं पारा शिक्षक पूरी ईमानदारी से सुदूरवर्ती क्षेत्रों के विद्यालय में शिक्षण कार्य करते हैं, बावजूद सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है. मौके पर संरक्षक जूठी प्रसाद सिंह, अंकेक्षक भागीरथी सिंह, संयुक्त सचिव विजय कुमार पासवान, केदार प्रसाद सिंह, मुरली प्रसाद, निरंजन कुमार सिंह, दिनेश प्रसाद, नीतेश कुमार सिंह, ज्योति चौधरी, अलाउद्दीन अंसारी, अनिता कुमारी व चंदन कुमार आदि उपस्थित थे.
