कोडरमा: मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत देवीपुर के जीतोडीह टोला में सोमवार शाम तेज बारिश के दौरान एक पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे जहां आवागमन बाधित हो गया, वहीं बिजली आपूर्ति भी पूरी तरह ठप हो गयी।
घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे की बतायी गयी है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान जीतोडीह टोला में एक विशाल पेड़ गिर गया।
पेड़ की चपेट में आने से एलटी तार समेत बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गया, जिससे पूरे गांव में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना विद्युत उपकेंद्र को दी। सूचना मिलने के बाद भी देर शाम तक सड़क पर गिरे पेड़ को नहीं हटाया जा सका था, जिसके कारण आवागमन प्रभावित रहा।
वहीं, बिजली पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण गांव में विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पायी थी।
