कोडेरमा . सतगावां प्रखंड वन प्रक्षेत्र के खाब उत्तरी, खाब दक्षिणी और डरहो उपवन परिसर में शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रसिद्ध पेट्रो जलप्रपात और खाब पीएफ में आयोजित इस कार्यक्रम में पेड़ों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया गया. कार्यक्रम का आयोजन पेट्रो संवर्धन समिति और वन विभाग के संयुक्त सहयोग से किया गया.
जंगल और पेड़ों की रक्षा का संकल्प
कार्यक्रम में वन समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे शामिल हुए. सभी ने पेड़ों की अहमियत को समझते हुए उन्हें रक्षा सूत्र बांधा. लोगों ने संकल्प लिया कि वे जंगल और पेड़ों की रक्षा करेंगे तथा आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करेंगे.
पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ
कार्यक्रम में फॉरेस्टर मनोज कुमार मरांडी, वन विभाग के कर्मचारी और समिति के सदस्य मुख्य रूप से मौजूद रहे. फॉरेस्टर की मौजूदगी में कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलायी गयी. लोगों ने पेड़ों को बचाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और जंगल को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को रोकने का संकल्प लिया.
पेड़ हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. पेड़ों से हमें ऑक्सीजन मिलती है और पर्यावरण का संतुलन बना रहता है. इसलिए पेड़ों की सुरक्षा करना केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति का कर्तव्य है. पर्यावरण की रक्षा करना सीधे तौर पर अपने जीवन और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा करना है.
ये भी पढ़ें: कोडरमा: अलग-अलग हादसों में 1 की मौत, 8 घायल
अवैध कटाई को रोकने पर भी विशेष जोर
इस दौरान जंगलों में होने वाली अवैध कटाई को रोकने पर भी विशेष जोर दिया गया. ग्रामीणों से अपील की गयी कि यदि कहीं जंगल में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई होती है, तो इसकी जानकारी वन विभाग को दें. साथ ही खाली स्थानों पर पौधरोपण कर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया गया.
ये भी पढ़ें: कोडरमा-गिरिडीह मार्ग पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल
पेड़ों की रक्षा,भविष्य की रक्षा
कार्यक्रम में श्रवण कुमार, व्यास कुमार, पिंटू कुमार सहित पेट्रो संवर्धन समिति के दर्जनों सदस्य, वन विभाग के कई कर्मचारी और वनपाल मौजूद थे. कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों और बच्चों को यह संदेश दिया गया कि पेड़ों की रक्षा करना ही सच्चे अर्थों में आने वाले भविष्य की रक्षा करना है.
