कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में संस्कृत दिवस उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि विकसित करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ना था. कार्यक्रम की शुरुआत खुशी व उनके समूह के वैदिक मंत्रोच्चारण से हुई.
इसके बाद ग्लोरिया व समूह ने श्लोकोच्चारण और साक्षी व समूह ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया. प्रत्युषा ने संस्कृत भाषा के महत्व पर भाषण दिया, जबकि जैनब ने संस्कृत से जुड़े रोचक तथ्यों की जानकारी दी. आरवी के नेतृत्व में संस्कृत क्विज का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
बच्चों ने पोस्टर के माध्यम से संस्कृत भाषा की विशेषताओं और महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया. मौके पर प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों की जननी है. उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कृत का अध्ययन करने तथा इसके आदर्शों और जीवन-मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्कृत शिक्षक सूर्यकांत मिश्रा, गिरजा शंकर पात्रो, निधि अंबष्ट और निशु कुमारी का विशेष योगदान रहा.
यह भी पढ़ें: राखी बांध बहनों ने मांगी भाई की लंबी उम्र, डोमचांच में प्रेम और खुशियों से सजे घर-आंगन
