कोडरमा: कोडरमा के सतगावां प्रखंड वन प्रक्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को खाब उत्तरी, खाब दक्षिणी तथा डरहो उपवन परिसर स्थित प्रसिद्ध पेट्रो जलप्रपात व खाब पीएफ में वृक्ष रक्षाबंधन-सह-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. पेट्रो संवर्धन समिति और वन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में वन समिति के सदस्यों ग्रामीणों और बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया.
वहीं कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से फॉरेस्टर मनोज कुमार मरांडी, वनकर्मियों और समिति के सदस्यों ने पेड़ों में रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर उनकी रक्षा करने और वनों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया. मौके पर फॉरेस्टर मनोज कुमार मरांडी की मौजूदगी में सभी उपस्थित लोगों को सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई.
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पेड़ों की सुरक्षा करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है. पर्यावरण को बचाना जीवन बचाने से कम नहीं है, यदि प्रकृति सुरक्षित रहेगी तभी मानव जीवन का अस्तित्व भी बचा रह सकेगा. कार्यक्रम में पौधारोपण करने और जंगलों की अवैध कटाई रोकने पर विशेष बल दिया गया.
मौके पर श्रवण कुमार, व्यास कुमार, पिंटू कुमार सहित पेट्रो संवर्धन समिति के दर्जनों सदस्य, वन विभाग के कई कर्मचारी व वनपाल मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: भाई की कलाई पर सजी स्नेह की डोर, सतगावां में खुशियों के साथ मना रक्षाबंधन
