अबुआ आवास में नाम था, फिर भी पक्की छत नहीं मिली; बारिश में मिट्टी का घर ढहा, मलबे में दबी बुजुर्ग

जयनगर के बिसोडीह गांव में बारिश के कारण एक बुजुर्ग महिला का मिट्टी का घर गिर गया। ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। अबुआ आवास योजना में धांधली का आरोप।

जयनगर: कोडरमा के जयनगर प्रखंड के तमाय पंचायत अंतर्गत बिसोडीह गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण शुक्रवार को एक मिट्टी का घर अचानक ढह गया. हादसे के दौरान घर में रह रही बुजुर्ग महिला मासोमात डलिया, पति स्व. प्रसादी पासी, मलबे में दब गईं. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाला. इससे उनकी जान बच सकी.

बारिश से जर्जर हुआ था मिट्टी का घर

बताया गया कि मासोमात डलिया काफी बुजुर्ग हैं और बेहद गरीबी में जीवन-यापन कर रही हैं. उनका घर पूरी तरह मिट्टी से बना हुआ था. लगातार बारिश के कारण घर की स्थिति जर्जर हो गई थी और अचानक उसका एक हिस्सा ढह गया, जिसके मलबे में बुजुर्ग महिला दब गईं.

ग्रामीणों के समय पर पहुंचने के कारण उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.

अबुआ आवास में नाम होने के बावजूद नहीं मिला लाभ

इस संबंध में सोनिया देवी ने बताया कि मासोमात डलिया का नाम अबुआ आवास योजना में शामिल था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अब तक आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है. उन्होंने आवास योजना में कथित अनियमितता और लेनदेन का आरोप लगाते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण बुजुर्ग महिला आवास से वंचित रह गईं.

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल आवास देने की मांग की

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि बुजुर्ग महिला की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और मिट्टी का घर गिरने के बाद उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से मासोमात डलिया को तत्काल अबुआ आवास योजना का लाभ देने और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajesh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >