कोडरमा में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान जोरदार ब्लास्ट, संचालक सहित 4 लोग झुलसे

Koderma Gas Blast: झारखंड के कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया में गांधी स्कूल रोड स्थित एक किचन सेंटर में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान जोरदार ब्लास्ट हुआ. हादसे में दुकान संचालक राहुल कुमार समेत यूपी-बिहार के 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए. घनी आबादी वाले क्षेत्र में भारी मात्रा में सिलेंडर डंप होने से लोगों में भारी आक्रोश है. पुलिस जांच में जुटी है.

कोडरमा से विकास कुमार की रिपोर्ट

Koderma Gas Blast, कोडरमा : कोडरमा जिला स्थित तिलैया थाना क्षेत्र के गांधी स्कूल रोड (वार्ड संख्या-24) में शनिवार की रात करीब आठ बजे एक किचन सेंटर में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग के दौरान ब्लास्ट हो गया. इस हादसे में दुकान संचालक समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं. घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुए इस हादसे से स्थानीय लोग बेहद दहशत में हैं.

गैस रिसाव और जोरदार धमाके से दहल उठा इलाका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किचन सेंटर में बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक तेजी से गैस का रिसाव (Leakage) होने लगा. इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, एक जोरदार धमाके के साथ आग लग गई. धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त किचन सेंटर में भारी मात्रा में छोटे-बड़े गैस सिलेंडर अवैध रूप से डंप करके रखे गए थे. गनीमत यह रही कि आग ने सभी सिलेंडरों को अपनी चपेट में नहीं लिया, वरना पूरा इलाका मलबे में तब्दील हो जाता. समय रहते स्थिति पर काबू पा लेने से एक बहुत बड़ा और भयानक हादसा टल गया.

घायलों में यूपी-बिहार के मजदूर भी शामिल

इस अगलगी और ब्लास्ट की चपेट में आने से कुल चार लोग झुलसे हैं, जिनमें दुकान संचालक के अलावा अन्य राज्यों के कामगार शामिल हैं. घायलों में दुकान संचालक राहुल कुमार (25 वर्ष, पिता- रामदीन सिंह, तिलैया निवासी), बिहार के छपरा निवासी अजय राय, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी विनोद कुमार और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी श्याम शरण प्रजापति शामिल है.

Also Read: झारखंड राज्यसभा चुनाव: BJP की बड़ी बैठक, बाबूलाल और आदित्य साहू ने फाइनल किए 3 संभावित प्रत्याशी

बयानों में भारी अंतर्विरोध

इस पूरे मामले में किचन सेंटर के संचालक और स्थानीय लोगों के दावों में भारी अंतर्विरोध देखने को मिल रहा है. संचालक ने अवैध रिफिलिंग के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि दुकान में कोई रिफिलिंग नहीं हो रही थी, बल्कि खाना बनाने के दौरान अचानक गैस रिसाव होने से यह दुर्घटना हुई और इसमें केवल एक व्यक्ति झुलसा है. इसके उलट, स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों का साफ कहना है कि यहां लंबे समय से सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर अवैध रूप से व्यावसायिक सिलेंडरों से रिफिलिंग का खेल चल रहा था.

सिलेंडरों के अवैध भंडारण से लोगों में आक्रोश

इस हादसे के बाद गांधी स्कूल रोड के निवासियों में स्थानीय प्रशासन और पुलिस के खिलाफ गहरा आक्रोश है. लोगों का कहना है कि रिहाइशी और घनी आबादी वाले इलाके में इस तरह व्यावसायिक रूप से गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और रिफिलिंग करना सीधे तौर पर सैकड़ों लोगों की जान से खिलवाड़ है. मोहल्ले वासियों ने जिला प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच करने और शहर में अवैध रूप से चल रहे ऐसे सभी गैस रिफिलिंग सेंटरों को तुरंत बंद कराकर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन और जानकारी जुटाने में लग गई है.

Also Read: सावधान! झारखंड में जनगणना के नाम पर आ रहे फर्जी कॉल, OTP दिया या ज्यादा बात की तो अकाउंट साफ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >