झुमरीतिलैया: जेपीएसएसी एवं जेएसएससी, सीजीएल की भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने तथा पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग को लेकर रविवार की शाम झुमरी तिलैया छात्र संघ के बैनर तले मशाल जुलूस निकाला गया. जुलूस पानी टंकी रोड से शुरू होकर झंडा चौक पहुंचा.
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में मशाल लेकर भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ नारेबाजी की. छात्रों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बेहद जरूरी है. यदि भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.
छात्र संघ के सदस्यों ने जेपीएसएसी एवं जेएसएससी, सीजीएल भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर सीबीआई से जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए सरकार को मामले में गंभीरता से पहल करनी चाहिए. जुलूस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं संघ के सदस्य शामिल थे.
