‘गरीबों को लाभार्थी नहीं, अधिकार चाहिए’, कोडरमा में खेग्रामस ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

झारखंड ग्रामीण मजदूर सभा की बैठक में देश की अर्थव्यवस्था, महंगाई और बेरोजगारी पर चर्चा की गई। सरकार की नीतियों के खिलाफ बड़े आंदोलन की तैयारी।

कोडरमा: झारखंड ग्रामीण मजदूर सभा (झामस) की राज्य स्तरीय बैठक शुक्रवार को साहू धर्मशाला में हुई. बैठक में खेग्रामस के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड धीरेन्द्र झा और भाकपा माले के राज्य सचिव कॉमरेड मनोज भक्त मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. बैठक की अध्यक्षता देवकीनंदन बेदिया, सीताराम सिंह, मोहन दत्ता, उस्मान अंसारी, पवन महतो, मीना दास और सोहराय किस्कू ने संयुक्त रूप से की.

ग्रामीण गरीबों के मुद्दों पर सरकार को घेरा

बैठक को संबोधित करते हुए खेग्रामस के राष्ट्रीय महासचिव धीरेन्द्र झा ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था संकट के दौर से गुजर रही है और केंद्र की मोदी सरकार जनता को गुमराह कर रही है. उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है और इस दौर में ग्रामीण गरीबों पर चौतरफा हमला हो रहा है.

उन्होंने कहा कि गरीबों को ‘लाभार्थी’ कहकर उनके अधिकारों का हनन किया जा रहा है. शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था के बाजारीकरण के कारण परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार बढ़ा है. उन्होंने कहा कि देश के छात्र-युवाओं के आंदोलनों ने परीक्षा में धांधली और शिक्षा सुधार जैसे मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया है. इसका असर नई पीढ़ी के बच्चों पर भी पड़ा है और सरकारी विद्यालयों में शिक्षा सुधार को लेकर अभियान तेज हुआ है.

झारखंड के साथ सौतेले व्यवहार का आरोप

धीरेन्द्र झा ने केंद्र सरकार पर खनन-खनिज विधेयक के माध्यम से झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि झारखंड और बिहार समेत कई राज्यों में पलायन को ही रोजगार का विकल्प मान लिया गया है.

उन्होंने बताया कि खेग्रामस की ओर से ग्रामीण गरीबों को संगठित करने के लिए देशभर में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत 20 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि नवंबर में झारखंड में ही खेग्रामस का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा.

सदस्यता अभियान को बनाया जाएगा एक सूत्री कार्यक्रम

भाकपा माले के राज्य सचिव मनोज भक्त ने कहा कि झारखंड ग्रामीण मजदूर सभा माले का मजबूत जन संगठन है. इसे और मजबूत करते हुए ग्रामीण गरीबों के मुद्दों को लेकर व्यापक जन आंदोलन तेज किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को एक सूत्री कार्यक्रम बनाकर निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जाएगा. साथ ही जनविरोधी और गरीब विरोधी नीतियों के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन को भी तेज किया जाएगा.

बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक में माले जिला सचिव इब्राहिम अंसारी, राजेंद्र मेहता, संदीप कुमार, सोमलाल मिर्धा, रामलाल मुर्मू, विजय पांडेय, प्यारेलाल बेदिया, दुर्गा सिंह, जुगल मुंडा, शंभूनाथ वर्मा, रामबिलास पासवान, आसरेश तुरी समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajesh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >