डोमचांच: डोमचांच थाना के 23वें थाना प्रभारी के रूप में शशि भूषण कुमार ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालने के बाद थाना के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने उनका स्वागत किया. शशि भूषण कुमार इससे पहले चंदवारा थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
तीन थानों की संभाल चुके हैं कमान
शशि भूषण कुमार इससे पहले सतगावां, नवलशाही और चंदवारा थाना के प्रभारी रह चुके हैं. विभिन्न थाना क्षेत्रों में उनके कार्यकाल के दौरान बेहतर पुलिसिंग को लेकर उन्हें सम्मान भी मिल चुका है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के हाथों उन्हें सर्वश्रेष्ठ थाना प्रभारी का सम्मान दिया गया था.
अपराध नियंत्रण पर रहेगा जोर
पदभार ग्रहण करने के बाद थाना प्रभारी शशि भूषण कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा.
असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ असामाजिक तत्वों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि आम लोग निर्भीक होकर अपना काम कर सकें. थाना प्रभारी ने क्षेत्र के लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की.
