कोडरमा: डीएवी पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया में गुरूवार को हिरोशिमा दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य हिरोशिमा और नागासाकी की त्रासदी को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों में विश्व शांति, मानवता, बंधुत्व एवं अहिंसा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था.
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से परमाणु युद्ध की भयावहता तथा शांति के महत्व को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया. आराध्या सिंह ने अंग्रेजी में तथा प्रत्युषा कुमारी ने हिन्दी में अपने ओजस्वी भाषणों के माध्यम से हिरोशिमा दिवस के ऐतिहासिक महत्व एवं विश्व शांति की आवश्यकता पर प्रकाश डाला.
सभ्यता सिंह ने हिन्दी कविता, अनुष्का गुप्ता ने अंग्रेजी कविता प्रस्तुत किया. कुमुद सिंह ने हिरोशिमा दिवस से जुड़े महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्यों से सभी को अवगत कराया, जबकि निष्ठा गुप्ता ने एक रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन कर उपस्थित विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि की.
कार्यक्रम में नंदिनी कुमारी ने शिव तांडव पर आधारित नृत्य-नाट्य प्रस्तुत किया. प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि हिरोशिमा और नागासाकी की त्रासदी मानव इतिहास का अत्यंत दुःखद एवं काला अध्याय है. यह दिवस हमें स्मरण कराता है कि युद्ध केवल विनाश, पीड़ा और मानवता की क्षति लाता है, जबकि शांति, सह-अस्तित्व और सद्भाव ही मानव सभ्यता की वास्तविक शक्ति हैं. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिका वीणा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, शिक्षक संदीप कुमार, आर. पी. वर्मा, सूर्यकांत मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
