कोडरमा : तिलैया थाना क्षेत्र के अड्डी बांग्ला में महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों की पहचान कर ली है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के कटिहार स्थित घर पर छापेमारी की, लेकिन दोनों फरार मिले. तलाशी के दौरान एक आरोपी के घर से करीब 16 ग्राम वजन की सोने जैसी धातु की चेन बरामद की गयी है.
26 अगस्त को महिला से झपटी थी चेन
पुराना रेलवे क्रॉसिंग, रजगढ़िया मोड़ निवासी संगीता जैन पति अनिल जैन ने तिलैया थाना में आवेदन देकर बताया था कि 26 अगस्त की सुबह करीब 10.33 बजे दो अज्ञात अपराधकर्मियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और बाइक से फरार हो गये. मामले में तिलैया थाना कांड संख्या 254/26 दर्ज की गयी थी.
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तिलैया थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया. टीम ने घटनास्थल हंस कॉलोनी, बालगोपाल न्यू चाइल्ड हॉस्पिटल के समीप और अपराधियों के भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में बाइक सवार दो अपराधी महिला के गले से चेन झपटते हुए दिखाई दिये.
तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर बाइक चालक की पहचान डौन यादव पिता राजकुमार यादव तथा दूसरे आरोपी की पहचान कालु पासवान पिता दीपक पासवान के रूप में की गयी. दोनों जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के निवासी हैं.
घर से बरामद हुई चेन
पुलिस ने कोढ़ा पुलिस के सहयोग से स्थानीय लोगों से दोनों आरोपियों की तस्वीरों की पहचान करायी. इसके बाद दोनों के घरों पर छापेमारी की गयी, लेकिन आरोपी फरार मिले. तलाशी के दौरान डौन यादव के घर से गोल्डेन कलर की सोने जैसी धातु से बनी करीब 16 ग्राम वजन की चेन बरामद हुई. पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
छापामारी टीम में तिलैया थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विजय गुप्ता तथा पैंथर आरक्षी शामिल थे.
