सतगावां. थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती कटैया पंचायत के गजहर के जंगली क्षेत्र से पुलिस के द्वारा भारी मात्रा में हथियार बरामद किये जाने की सूचना है. बरामद हथियार में देशी राइफल सहित अन्य देशी हथियार शामिल हैं. हालांकि, इस मामले को लेकर गुरुवार देर शाम तक पुलिस के वरीय पदाधिकारी व अन्य कोई स्पष्ट जानकारी देने से बचते रहे. सूत्र बताते हैं कि पुलिस बहुत जल्द पूरे मामले का खुलासा करेगी. हथियारों के साथ एक युवक को हिरासत में लिये जाने की भी जानकारी है. उक्त युवक से पुलिस की पूछताछ जारी है. पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने में जुटी है. जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के जंगली इलाकों में दर्जनों अवैध महुआ शराब की भट्ठी संचालित हो रहा है. इन भट्ठी संचालकों के द्वारा अपराधियों को संरक्षण दिया जाता है. इसकी जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को मिलने के बाद जंगल में सर्च अभियान चलाया गया. जानकारी सामने आई है कि सर्च अभियान के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में हथियार मिले हैं. इस मामले को अवैध शराब के कारोबार के साथ ही अन्य अवैध कार्य से भी जोड़कर देखा जा रहा है. इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने इतना ही कहा कि अभी जांच चल रही है.
सतगावां में हथियारों का जखीरा बरामद, खुलासा जल्द
थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती कटैया पंचायत के गजहर के जंगली क्षेत्र से पुलिस के द्वारा भारी मात्रा में हथियार बरामद किये जाने की सूचना है.
