जयनगर : जयनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिन दहाड़े हुए बब्बन महतो हत्याकांड में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. प्रभारी एसपी सह एएसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुराने भूमि विवाद के कारण बब्बन महतो की गोली मारकर हत्या की गई है. मृतक की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बेतौन्हा गांव के अजय कुमार नायक एवं एक अज्ञात व्यक्ति को हत्या में शामिल होने की बात पुलिस को बतायी है. वहीं दुसरे अज्ञात अपराधी की खोज में पुलिस छापामारी कर रही है. जयनगर थानाध्यक्ष मामले के अनुसंधान में बीते मंगलवार की रात स्व. बब्बन महतो के घर पर गए थे. मृतक के परिजनों के बयान पर पुलिस द्वारा छापामारी कर अजय नायक को गिरफ्तार किया. पुलिस अजय नायक से पुछताछ कर रही है.
क्या है मामला. जयनगर थाना के बेतौन्हा गांव निवासी बब्बन महतो की हत्या मंगलवार को दिन दहाड़े जयनगर मुख्यालय से लगभग दो किलोमीटर दूर बजराह गांव के समीप कमला नदी के तटबंध पर कर दिया गया था.
मृतक बब्बन महतो मुद्रा विनिमय के व्यवसाय से जुड़ा था. उसका कारोबार नेपाल से भारतीय करेंसी को भारत में लाना व भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों से नेपाली करेंसी को नेपाल ले जाना था. बब्बन महतो को दिन के साढ़े बारह बजे जयनगर से अपने गांव बेतौन्हा जाने के क्रम में गोली मारकर हत्या हुई थी. मौत के बाद स्थानीय नागरिकों एवं परिजनों ने सड़क पर लाश को रखकर जोड़दार प्रदर्शन किया था. जयनगर के थानाध्यक्ष ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाते हुए आश्वासन दिया था कि शीघ्र ही हत्या में शामील अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
जांच है अधूरा. हालांकि इस मामले में एक आरोपित की गिरफ्तारी हुई है. पर अब तक दूसरे अज्ञात मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद करने में सफलता हासिल नहीं किया है. ऐसे में पुलिस की जांच अधूरी है. जब तक दूसरा आरोपित व हत्या में प्रयुक्त रिवाल्वर की बरामदगी नहीं हो जाती पुलिस जांच अधूरा ही रहेगा.
