180 किमी प्रति घंटा तक की गति से हुआ स्पेशल ट्रेन का परिचालन

डीडीयू से प्रधानखांटा तक हुआ विंडो ट्रेलिंग स्पीड ट्रायल

डीडीयू से प्रधानखांटा तक हुआ विंडो ट्रेलिंग स्पीड ट्रायल

हाजीपुर जोन के जीएम ने खुद की मॉनिटरिंग, डीआरएम भी रहे मौजूद

झुमरीतिलैया. पूर्व-मध्य रेलवे द्वारा रेल परिचालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए बुधवार को दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू ) से प्रधानखांटा तक विशेष ट्रेन द्वारा स्पीड ट्रायल किया गया. पूर्व-मध्य रेल हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह की मौजूदगी में हुए ट्रायल के दौरान डीडीयू से गया तक डीडीयू के डीआरएम तथा गया से धनबाद तक धनबाद के डीआरएम अखिलेश मिश्र भी मौजूद थे. विंडो ट्रेलिंग स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रैक में किये गये सुधार समेत अन्य प्रगति की जानकारी अधिकारियों ने ली. जानकारी के अनुसार, हावड़ा से नयी दिल्ली के बीच सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने की तैयारी चल रही है. बंगाल, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले ग्रैंड कोड सेक्शन इस रेल मार्ग का अहम हिस्सा है. ग्रैंड कोड सेक्शन का चयन 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल के लिए किया गया है. ट्रायल के दौरान कोडरमा स्टेशन से भी होकर ट्रेन गुजरी. इस पल का कई लोग गवाह बने और वीडियो बनाया. बता दें कि जीएम और डीआरएम की मौजूदगी में पिछले साल चार अप्रैल को भी डीडीयू से धनबाद तक स्पीड ट्रायल किया गया था. उस समय 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चली. वापसी में धनबाद से डीडीयू के बीच भी स्पीड ट्रायल पूरा हुआ था. 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही ट्रेन ने तीन घंटे 55 मिनट में धनबाद से डीडीयू की 400 किमी दूरी कर ली थी, जबकि धनबाद से गया तक 200 किमी का फासला एक घंटे 57 मिनट में ही तय हो गया था. अब ट्रेन 180 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगी, तो इस रूट पर एक जगह से दूसरी जगह पर पहुंचने का समय और कम हो जायेगा. इधर, ट्रायल के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम दिखे. आरपीएफ कोडरमा ने यात्रियों को जागरूक करने का प्रयास किया, ताकि कोई रेलवे ट्रैक् के आसपास न पहुंचे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >