जिप सदस्य ने छूटे योग्य लाभुकों का नाम राशन कार्ड में जोड़ने की मांग की
कोडरमा बाजार : जिला परिषद बोर्ड की बैठक सोमवार को बोर्ड अध्यक्ष शालिनी गुप्ता की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सर्वप्रथम वित्तीय वर्ष 2016-17 में विभिन्न योजना अंतर्गत व्यय की गयी राशि का अनुमोदन किया गया.
बोर्ड में आय के स्रोतों में बढ़ोतरी को लेकर विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सैरात, बस स्टैंड, ग्रामीण हाट आदि का किन-किन क्षेत्रों में बंदोबस्ती की जा सकती है, इस पर संबंधित अंचलों के सीओ से प्रतिवेदन मांगने का निर्णय लिया गया. जिप सदस्य महादेव राम ने छूटे योग्य लाभुकों का नाम राशन कार्ड में जोड़ने की मांग करते हुए कहा कि फरजी लोगों का नाम राशन कार्ड से हटाने के दौरान कई योग्य लोगों का भी नाम राशन कार्ड से कट गया, इसे अविलंब जोड़ा जाये. इस पर डीएसओ रवींद्र सिंह ने कहा कि अभी नाम सुधारने का काम ऑनलाइन किया जा रहा है. जैसे ही सरकार से नये लोगों का नाम राशन कार्ड में जोड़ने या नया बनाने का निर्देश प्राप्त होगा, तो उस दौरान छूटे लोगों का राशन कार्ड बनाया जायेगा. बैठक में पोषण सखी चयन में अनियमितता का मामला उठा. कई सदस्यों ने आरोप लगाया कि जिले के कुछ प्रखंडों में पोषण सखी चयन में एएनएम ट्रेनिंग प्राप्त अभ्यर्थियों को इसके लिए अतिरिक्त अंक दिया गया, जबकि कुछ प्रखंडों में इसका लाभ नहीं दिया गया. इस पर जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने डीएसडब्लूओ को अविलंब विभाग से मार्गदर्शन मांगने और उस पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. कई प्रमुखों ने प्रखंडस्तरीय बैठक में प्रखंड के पदाधिकारियों के नहीं आने की शिकायत की. इस पर डीडीसी ने निर्देश दिया की बिना ठोस कारण के बैठक में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों का एक दिन का वेतन काटा जायेगा.
उन्होंने प्रखंड के पदाधिकारियों को बैठक में हर हाल में मौजूद रहने का निर्देश दिया. मौके पर डीडीसी आदित्य कुमार आनंद, उपाध्यक्ष निर्मला देवी, जिप सदस्य अमृता सिंह, रेखा देवी, महादेव राम, भुवनेश्वर राम, राजकुमार यादव, पवन सिंह, विधायक प्रतिनिधि संजीव समीर, प्रमुख अनिता कुमारी के अलावा अन्य जिप सदस्य, प्रखंडों के प्रमुख व विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.
