डोमचांच : लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. मिट्टी के कई घरों में दरार पड़ गयी है. वहीं दूरोडीह निवासी हेमंती देवी (पति- सुरेंद्र राणा) का घर गिर गया. परिजन घर के अंदर सो रहे थे, तभी कुछ गिरने की आवाज आयी. जिसे सुनकर घर के लोग बाहर आ गये. घर में रखे सामान मिट्टी में दब गये. सुरेंद्र राणा ने बताया कि करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है.
मजदूरों के खाते को बैंक में हस्तांतरित कर आधार से जोड़ें
इंदिरा आवास, मनरेगा, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत कई विभागों की समीक्षा की गयी
अनुपस्थित पदाधिकारियों के एक दिन का वेतन काटने का निर्देश
कोडरमा बाजार. उपायुक्त संजीव कुमार बेसरा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला समन्वयक समिति की बैठक हुई.बैठक में इंदिरा आवास, मनरेगा, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत कई विभागों की समीक्षा हुई. मौके पर डीसी ने प्रखंडवार मनरेगा मजदूरों के खाते को डाक घर से बैंक में ट्रांसफर किये जाने की प्रगति को देख इसमें तेजी लाते हुए शत प्रतिशत मजदूरों के खाते को बैंक में हस्तांरित करने तथा बैंक खाते को आधार से जोड़ने, लंबित बिल को दो दिन के अंदर समर्पित करने व कनीय अभियंता विवेक चौधरी के कार्यकाल के डीसी बिल को पांच दिन के अंदर जिला अभियंता को समर्पित करने का निर्देश दिया. इसके अलावा लंबित इंदिरा आवास योजना को शीघ्र पूरा करने तथा पूर्ण योजना को अपलोड करने, समाज कल्याण और मनरेगा से जिले के विभिन्न प्रखंडों में बननेवाले 44 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सीओ को जमीन उपलब्ध कराने को कहा गया है.
डीसी ने कहा की जहां भूमि उपलब्ध नहीं हों, वहां समीप के सरकारी स्कूल के भूमि पर केंद्र बनाने के लिए प्रस्ताव देने का निर्देश दिया. उन्होंने निर्देश दिया की यदि कोई स्वेच्छा से जमीन दान देते है, तो आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उक्त जमीन पर भी केंद्र बनाया जा सकता है. पंचायत भवन की लंबित योजनाओं की समीक्षा करने के दौरान उन्होंने पूर्ण योजना को हैंडओवर करने और जहां योजना पूर्ण नहीं है, उसे हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में बिना सूचना के अनुपस्थित पदाधिकारियों की जांच कर दोषी पदाधिकारी का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश जारी किया गया. मौके पर डीडीसी सूर्य प्रकाश, एसी प्रवीण कुमार गागराई, एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार, डीपीओ शाहीद अहमद विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, प्रखंडो के बीडीओ, बीपीओ आदि मौजूद थे.
