पार्षद ने पत्नी के नाम पर लिया शौचालय निर्माण का लाभ

यूको बैंक के खाते में राशि हस्तांतरण होने की जानकारी झुमरीतिलैया : प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के तहत चलाये जा रहे शौचालय निर्माण योजना में कई स्तर पर गड़बड़ी बरती जा रही है. नया मामला नगर पर्षद क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 के पार्षद द्वारा अपनी पत्नी के नाम पर इस […]

यूको बैंक के खाते में राशि हस्तांतरण होने की जानकारी
झुमरीतिलैया : प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के तहत चलाये जा रहे शौचालय निर्माण योजना में कई स्तर पर गड़बड़ी बरती जा रही है. नया मामला नगर पर्षद क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 के पार्षद द्वारा अपनी पत्नी के नाम पर इस योजना का लाभ लेने का सामने आया है.
यही नहीं इस योजना का लाभ तब लिया गया है, जब पार्षद के घर में पूर्व से ही शौचालय बना है. इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए मो अमीउद्दीन ने नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन दिया है, तो वहीं पार्षद अब योजना का पूरी तरह लाभ लेने की बात से इनकार कर रहे हैं.
अमीउद्दीन ने आरोप लगाया है कि वार्ड नंबर 16 के पार्षद शमीम आलम ने अपनी पत्नी पूर्व पार्षद शाहिला प्रवीण के नाम पर स्वच्छ भारत अभियान के तहत व्यक्तिगत शौचालय के लाभुक के तौर पर चयन करा के शौचालय निर्माण की प्रथम किस्त की राशि गलत तरीके से नगर पर्षद को धोखे में रख कर यूको बैंक के खाता में ले चुके हैं.
यह एक चुने हुए जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता. पार्षद ने अपने वार्ड के योग्य लाभुकों का चयन न कर के अपने परिवार के सदस्य व अपने नजदीकी लोगों को दिलाया है. यही नहीं उन्होंने कहा है कि पार्षद आर्थिक रूप से संपन्न हैं. उनका दो मंजिला अपना मकान है, जिसमें शौचालय बना हुआ है. इसके बावजूद इस योजना का लाभ लिया गया.
उन्होंने पार्षद पर कार्रवाई की मांग की है. इधर, इस संबंध में पूछे जाने पर पार्षद शमीम आलम ने कहा कि उन्होंने योजना के तहत राशि प्राप्त नहीं की है. योजना के लाभ को वापस कर दिया गया है. वहीं नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी पंकज कुमार झा ने पूछे जाने पर कहा कि एक चुने हुए जनप्रतिनिधि या उसके परिवार के सदस्य को इस योजना के तहत संभवत: लाभ नहीं दिया जा सकता है. पूरी जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >