सरकार व प्रशासन ने व्यवस्था नहीं सुधारा, तो आगे भी आंदोलन होगा : राजकुमार
ओवरलोड ट्रकों के परिचालन से जर्जर हो गयी है सड़क, मजदूरों को भी नहीं मिल रहा काम
सतगावां : प्रखंड के विभिन्न बालू घाटों से हो रहे बालू उठाव के विरोध में मंगलवार को सतगावां बाजार बंद रहा. समाजसेवी राजकुमार यादव के आह्वान पर बासोडीह बाजार के साथ ही कलीडीह, खुट्टा, रामडीह आदि स्थानों पर सभी दुकानें बंद रहीं. बासोडीह से नवादा व गिरिडीह की गाड़ियां भी नहीं चली. राजकुमार यादव ने बताया कि यह बंदी सतगावां की जनता की ओर से की गयी थी. उन्होंने बताया कि सकरी नदी के बालू घाट, मरचोई के कटहरा व संभलडीह के बाली महादेव घाट में पोपलेन मशीन से बालू का उठाव किया जा रहा है, जिससे मजदूरों का हक छीन रहा है.
एक तरफ बालू बिहार जा रहा है, दूसरी तरफ मजदूरों को रोजगार के लिए दूसरे जगह पलायन करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार द्वारा जल संचय के लिए डोभा निर्माण कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जैसे-तैसे बालू का उठाव होने से प्रखंड में जल संकट की स्थिति आनेवाले दिनों में भयावह हो जायेगी.
बड़े वाहनों में ओवर लोड के कारण रास्ता जर्जर हो गया है. इससे आम जनता को परेशानी हो रही है. पैदल चलना भी दूभर हो गया है. ओवरलोडिंग गाड़ी में बालू जाने से सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है. इधर, बंदी को लेकर सतगावां थाना प्रभारी अब्दुल रव्वानी व बीडीओ सह सीओ विनोद कुमार कर्मकार ने दुकानदारों से मिलकर बातचीत की. दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने स्वेच्छा से बालू उठाव के विरोध में दुकानें बंद की है.
राजकुमार यादव ने कहा कि सरकार व प्रशासन ने व्यवस्था में सुधार नहीं किया, तो आगे भी आंदोलन किया जायेगा. सीओ विनोद कुमार कर्मकार ने बताया कि मरचोई के कटहरा व अन्य जगहों पर नियमानुसार बालू का उठाव हो यह मुखिया को सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि सकरी नदी पर बने पुल को नुकसान नहीं हो. साथ ही भारी वाहन पुल पर से न गुजरे यह भी ध्यान रखने को कहा गया है.
