खनन क्षेत्र को लेकर खनन विभाग की सुस्ती व पुलिस की चुस्ती से उठ रहे हैं सवाल
खनन कार्य को लेकर हो रही कार्रवाई व चुप्पी दोनों पर लोग अधिक सवाल उठा रहे हैं
कोडरमा : जिले में इन दिनों पुलिस प्रशासन की कार्रवाई लगातार सवालों में घिर रही है. खासकर खनन कार्य को लेकर हो रही कार्रवाई व चुप्पी दोनों पर लोग अधिक सवाल उठा रहे हैं. अवैध खनन से लेकर अनियंत्रित खनन को रोकने की सबसे अधिक जिम्मेवारी जिस खनन विभाग पर है, वह सभी बिंदुओं को लेकर चुप्पी साधे हुए है, वहीं पुलिस महकमा अकेले कार्रवाई करने में जुटा हैं.
यही कारण है कि हर आम व खास के बीच यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है. जानकारी के अनुसार जिले में जब नये उपायुक्त आये, तो उन्होंने खनन कार्य को लेकर कई दिशा निर्देश दिये. जिला खनन टास्क फोर्स ने दो-चार बार कार्रवाई की.
फिर ऐसी चुप्पी छायी कि हर तरफ सन्नाटा नजर आने लगा. इसके कुछ दिन बाद नये पुलिस अधीक्षक आये. उन्होंने बिना कागजात के वाहन चला रहे लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया. वाहन जब्त होने लगे. पत्थर लदे कई हाइवा जब्त हुए. इधर, जानकार बताते हैं कि खनन कार्य को लेकर अगर कुछ गलत हो रहा है, तो सबसे पहले कार्रवाई खनन टास्क फोर्स को करनी होती है, लेकिन प्रशासनिक महकमे में शुरुआती चहलकदमी के बाद चुप्पी छा गयी. खनन टास्क फोर्स में आपसी समन्वय का अभाव दिखा, तो पुलिस ने अकेले कार्रवाई शुरू कर दी. हालांकि अब पुलिस जिस तरह कार्रवाई कर रही है, उससे भी सवाल उठने लगे हैं.
खनन विभाग को दिखता नहीं, पुलिस ने पकड़ लिये बालू लदे ट्रैक्टर
सबसे हैरानी की बात इन दिनों जिले में हो रहे बालू उठाव को लेकर है. 23 बालू घाटों की नीलामी से लाखों रुपये का राजस्व तो मिला, पर बालू घाटों का ठेका लेनेवाले लोगों ने पर्यावरणीय स्वीकृति तो ले ली, पर अधिकतर को सीटीओ (कांस्टेंट टू आॅपरेट) नहीं मिला है. इसके बावजूद बालू का उठाव धड़ल्ले से जारी है. आम लोगों से बालू का मनमाना दर वसूले जा रहे हैं. सूचना खनन विभाग को मिलती है, लेकिन कार्रवाई नहीं होती.
झुमरीतिलैया शहर से लेकर जिले के प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक रूप से बिना चालान के बालू लदे ट्रैक्टरों से बालू की बिक्री होती है. गुरुवार को वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर तिलैया पुलिस ने पुराना बस स्टैंड के पास से बालू लदे तीन ट्रैक्टर को जब्त किया. तीनों ही के पास बालू का चालान नहीं है. हालांकि पुलिस देर शाम तक इस संबंध में जांच ही कर रही थी.
