एसडीओ ने बेकोबार में की छापामारी
कोडरमा : एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार व उत्पाद अधीक्षक रामलीला रवानी के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार को कोडरमा थाना क्षेत्र के बेकोबार में छापामारी की़ यहां कैलाश ठाकुर को 20 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. मूल रूप से डोमचांच के मसनोडीह का रहने वाला कैलाश यहां अपनी ससुराल में रहकर शराब का धंधा कर रहा था.
इसके अलावा टीम ने धनेश्वर ठाकुर उर्फ धनिया ठाकुर के यहां से 10 लीटर शराब, 140 किलो जावा महुआ, 2 ड्रम व शराब बनाने के उपकरण बरामद किये़ टीम ने अशोक ठाकुर के यहां बाथरूम से 80 किलो जावा महुआ, सोहर सुंडी के यहां से 80 किलो जावा महुआ, प्रकाश सुंडी के यहां से 140 किलो जावा महुआ जब्त किया़ छापामारी के दौरान ये चारों भागने में सफल रहे़ टीम ने यहां शराब की कई भट्ठियां देखी़ छापामारी में उत्पाद निरीक्षक कमल नयन सिन्हा, अवर निरीक्षक रामलीला रवानी भी शामिल थे.
शराब के साथ होटल संचालक गिरफ्तार
इधर, डोमचांच में छापामारी के बाद जब अधिकारी खरखार के पास चैनपुर स्थित एक होटल में रात में खाना खाने पहुंचे, तो यहां भी खुलेआम शराब परोसी जा रही थी. एसडीओ के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने होटल संचालक सहदेव यादव को नौ लीटर विदेशी शराब व सात लीटर बियर के साथ गिरफ्तार कर लिया़
