मंत्री का निर्देश, फिर से जांच करायें एसपी
रांची : कोडरमा के जयनगर निवासी भुवनेश्वर मेहता अपनी बेटी के हत्यारों को सजा दिलाने के लिए कृषि मंत्री रणधीर सिंह के जनता दरबार में पहुंचे. मंत्री से गुहार लगायी कि उनकी छह साल की बेटी बिम्पी कुमारी की छह जून 2014 में कुछ लोगों ने बलि दे दी थी. हाथ-पैर काट कर उसे मार डाला था. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था, पर आज सभी रिहा हो गये हैं.
पुलिस ने मामले के कमजोर कर दिया था. फिलहाल मामला अदालत में है. श्री मेहता की शिकायत पर मंत्री श्री सिंह ने कोडरमा के एसपी से फोन पर बात की. निर्देश दिया कि पूरे मामले की फिर से जांच करायें, ताकि पीड़ित पक्ष को न्याय मिल सके. जनता दरबार का आयोजन बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में हुआ. इसमें कुल 106 शिकायतें आयीं.
शहीद की विधवा को नहीं मिल रही नौकरी
असम राइफल्स के जीडी कामता कुमार महतो की पत्नी पूनम देवी अनुकंपा पर नौकरी के लिए शिकायत लेकर आयी थी. मंत्री को बताया कि पति आठ फरवरी 2014 को शहीद हो गये थे. जिला अनुकंपा समिति ने नियुक्ति की अनुशंसा कर दी है. नौकरी रांची जेल में लगनी है. पर, यहां दौड़ाया जा रहा है. मंत्री ने जेल आइजी सुमन गुप्ता से फोन पर बात कर महिला को न्याय दिलाने को कहा.
बांग्लादेशियों ने कब्जा ली 100 बीघा जमीन
राजमहल के नेत्रहीन गोपाल टुडू जमीन कब्जा की शिकायत लेकर आये थे. मंत्री को बताया कि 20 साल पूर्व बांग्लादेश से आये कुछ लोगों ने उनकी करीब 100 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है. एसडीओ के यहां केस करने के बावजूद अब तक निर्णय नहीं हुआ है. मंत्री ने साहिबगंज के उपायुक्त को फोन पर कहा कि एसडीओ कहीं मैनेज तो नहीं हो गया है. पूरे मामले को दिखाइए.
कांके के बीडीओ-सीओ की शिकायत
मखन घासी कांके के बीडीओ-सीओ की शिकायत लेकर आये. मंत्री को बताया कि वृद्धा पेंशन के लिए मुखिया व वार्ड सदस्य की अनुशंसा करा ली है. आवेदन जमा करने ब्लॉक अॉफिस गये, तो जमा नहीं लिया जा रहा है. मंत्री ने बीडीओ को फोन कर कहा कि आवेदन क्यों नहीं जमा लिया जा रहा है? आवेदन जमा कर सीओ से इसका काम कराइए.
पति काे खटिया से बांध कर जला दिया, नहीं हुई कार्रवाई
पलामू स्थित विश्रामपुर की संगीता देवी ने जनता दरबार में मंत्री को बताया कि उनके पति चंद्रिका बीन को बीते साल कुछ लोगों ने खटिया से बांध कर जिंदा जला दिया था. नामजद आरोपी बनाये गये हैं. पर, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. मंत्री ने पलामू एसपी से बात कर कार्रवाई का निर्देश दिया.
पलामू : बेटी को चाहिये मां से गुजारा भत्ता
पलामू की विमला कुमारी ने मंत्री से मां से गुजारा भत्ता दिलाने की गुहार लगायी. बताया कि वह केमेस्ट्री से पीजी कर चुकी है. पीएचडी करना चाहती है. पर, मां शादी कराना चाहती है. शादी से इनकार करने पर मां ने गुजारा भत्ता देना बंद कर दिया है. मां काे गुजारा भत्ता देने को कहा जाये.
पीएम मोदी के नाम पर ठग लिया पौने चार लाख
डैम साइट, धुर्वा निवासी डॉ तेज नारायण सिंह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर ठगी कर ली गयी. मंत्री को बताया, फोन आया कि प्रधानमंत्री ने इंश्योरेंश कंप्लेन का सर्वे करने का निर्देश दिया है. जिनकी पॉलिसी में कुछ गड़बड़ी है, उनसे बात करनी है. आपने जहां निवेश किया था, उसे इंश्योरेंश कंपनी ने प्लेटिनम में निवेश कर दिया है. इसका मूल्य आज करोड़ में हो गया है. इसके भुगतान के लिए ठग ने किस्ताें में 3.86 लाख रुपये ले लिये. बाद में इसकी शिकायत डोरंडा थाने में भी की. लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ है. मंत्री ने इस मामले में रांची के एसएसपी काे कार्रवाई करने को कहा.
