रनिया (खूंटी): उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने शनिवार को रनिया प्रखंड का दौरा कर विभिन्न सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, प्रशासनिक कार्य, शिक्षा व्यवस्था और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सबसे पहले रनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. यहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया.
CHC में स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं का लिया जायजा
मौके पर डीसी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, मरीजों के उपचार के लिए संसाधनों के उपयोग, दवा स्टॉक, अस्पताल की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और मरीजों के परिजनों के बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया. उन्होंने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को रोस्टर के अनुसार समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया. उन्होंने अनावश्यक रेफरल से बचने और दवा स्टॉक सहित अन्य अभिलेखों को अद्यतन रखने को कहा.
प्रखंड-अंचल कार्यालय में अभिलेखों की जांच
इसके बाद उपायुक्त ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया. यहां उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की. उन्होंने समीक्षा बैठक कर आम लोगों से प्राप्त आवेदनों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया.
आयुष्मान आरोग्य मंदिर और शिक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
उपायुक्त ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के साथ बैठक कर केंद्रों में मरीजों को बेहतर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए जागरूक करने को कहा. इस दौरान उपायुक्त ने प्रखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत चल रहे डिजिटाइजेशन कार्यों की भी समीक्षा की और सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने उलुंग स्थित राजकीय विद्यालय का भी जायजा लिया. उन्होंने विद्यालय में बच्चों के पठन-पाठन, मध्याह्न भोजन, शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा विद्यालय भवन की स्थिति की जानकारी ली. मौके पर उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत डांग सहित एमओआईसी, डीडीएम और अन्य अधिकारी मौजूद थे.
