खूंटी : रहू पुलिस ने 27 मार्च की रात पीएलएफआइ के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया. इनमें मुरहू का राजकुमार जेठी उर्फ बंगाली उर्फ चरकू व शक्ति कुमार शामिल है. इनके पास से एक पिस्टल, 315 बोर का एक जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, लेवी वसूली के 25 हजार नकद, लेवी का चंदा रसीद दो, एक लेटर पैड बरामद किया गया.
एसपी अनीस गुप्ता को सूचना मिली थी कि उक्त दोनों उग्रवादी मुरहू के व्यवसायियों से लेवी की राशि वसूल कर जोनल कमांडर को पहुंचाने जा रहे है. एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ रणवीर सिंह व थानेदार अहमद अली ने पुलिस बल के साथ छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों ने संगठन के स्थानीय सदस्यों के नाम का खुलासा किया है. पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने में जुटी है. गिरफ्तार उग्रवादियों को पूछताछ के बाद 28 मार्च की शाम खूंटी जेल भेज दिया गया.
