खूंटी : राज्य कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित झारखंड कक्षपाल परीक्षा 2015 को शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराने हेतु शुक्रवार को एसडीओ नीरज कुमारी ने एक बैठक आयोजित की.
बताया गया कि 20 मार्च को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग धुर्वा रांची द्वारा आयोजित झारखंड कक्षपाल परीक्षा के लिए खूंटी के बिरसा कॉलेज में कुल 384, एसएस+2 उच्च विद्यालय में 516, उर्सुलाइन कॉनवेंट बालिका उच्च विद्यालय में 540, लोयोला उच्च विद्यालय में 396, आरसी बालक मध्य विद्यालय में 384, राजकीय बालिका मध्य विद्यालय में 300 एवं बालिका उच्च विद्यालय खूंटी में 204 परीक्षार्थी शामिल होंगे. कुल सात परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं.
बैठक में उपस्थित केंद्राधीक्षकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं फ्लाइंग मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया गया कि किसी भी परीक्षार्थी को बिना प्रवेश पत्र के परीक्षा केंद्र में घुसने की अनुमति न दी जाये.
परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र में नाम व फोटो में त्रुटि होने की स्थिति में उन्हें दो फोटो एवं पहचान पत्र स्वरूप आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि द्वारा जारी पहचान पत्र के अवलोकन के पश्चात प्रवेश की अनुमति मिलेगी.
परीक्षा में मोबाइल फोन या किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाने पर सख्त पाबंदी होगी. इधर एसडीओ ने बताया कि परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गयी है. सभी परीक्षा केंद्रो में स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं फ्लाइंग मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है.
परीक्षा केंद्रो की 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगा. अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय को परीक्षा नियंत्रण कक्ष बनाया गया है. दूरभाष संख्या 0628-220526, 9431389560 एवं 9801190901 है. परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना दी जा सकती है.
