जामताड़ा से निकेश कुमार की रिपोर्ट
नारायणपुर (जामताड़ा) : नारायणपुर थाना क्षेत्र के बाजार स्थित बीएसएनएल टावर पर रविवार देर रात एक युवक के चढ़ जाने से घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा. घटना रात करीब 11 बजे की है. युवक को टावर पर चढ़ा देख बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीएसएनएल टावर के चारों ओर सुरक्षा घेराबंदी (फेंसिंग) नहीं होने के कारण युवक आसानी से ऊपर चढ़ गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि टावर के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था होती तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी.
शराब के नशे में धुत था युवक
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया. बताया जाता है कि युवक शराब के नशे में था और काफी देर तक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ. स्थानीय लोगों के अनुसार, जब काफी देर तक समझाने के बाद भी युवक नहीं माना तो कुछ लोगों ने उसे शराब पीने के लिए पैसे देने का लालच दिया. इसके बाद वह टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
युवक की पहचान बिहार तुरी के रूप में
युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस उसे अपने साथ थाना ले गई. उसकी पहचान बाजार निवासी बिहार तुरी के रूप में हुई है. पुलिस ने उससे पूछताछ की और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.
टावर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए बीएसएनएल टावर के चारों ओर शीघ्र सुरक्षा घेराबंदी कराने की मांग की है. उनका कहना है कि फेंसिंग नहीं होने से कोई भी व्यक्ति आसानी से टावर पर चढ़ सकता है, जिससे भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.
ये भी पढ़ें...
एक साल से अनुपस्थित कर्मी पर कार्रवाई का निर्देश, डीसी ने किया मयूरहंड ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण
सिमरिया में चोरों ने बनाया मुर्गी फार्म को निशाना, ताला तोड़कर 30 हजार रुपये का सामान ले उड़े
