नारायणपुर : प्रखंड सभागार में शुक्रवार को पंचायत समिति की मासिक बैठक प्रमुख अंजना हेंब्रम की अध्यक्षता में हुई. बैठक में जगवाडीह विद्यालय में बंद मध्यान भोजन (एमडीएम) का मामला प्रमुखता से उठा. बीडीओ कमलेश कुमार दास ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर एमडीएम शुरू कराने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्यालय संचालन में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा.
बीटीएम से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
बुधुडीह पंचायत की पंसस पिंकी देवी ने बीटीएम के नियमित रूप से क्षेत्र में नहीं पहुंचने और किसानों की समस्याओं की जानकारी नहीं लेने का आरोप लगाया. उन्होंने प्रखंड परिसर स्थित एटिक भवन के अक्सर बंद रहने की बात भी कही. इस पर समिति ने बीटीएम से स्पष्टीकरण मांगने का निर्णय लिया. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वरीय पदाधिकारी को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी.
टीकाकरण को लेकर ग्रामीणों से अपील
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने नियमित टीकाकरण की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पेटारी गांव में ग्रामीणों के विरोध के कारण टीकाकरण प्रभावित हुआ था. बाद में चिकनपॉक्स के मरीज मिलने पर परेशानी बढ़ी. उन्होंने ग्रामीणों से टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
222 में 214 स्कूलों में एसएमसी गठित
शिक्षा विभाग की बीपीओ सावित्री किस्कू ने बताया कि प्रखंड के 222 विद्यालयों में 214 में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन हो चुका है. शेष विद्यालयों में भी जल्द गठन कराया जाएगा. बैठक में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, वन, महिला एवं बाल विकास समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गयी.
