प्रकाश दास/गालूडीह : घाटशिला की बाघुड़िया पंचायत के कासपानी गांव की सोलर जलमीनार जर्जर है. जलमीनार का ढांचा कमजोर होने से इसे रस्सी के सहारे किसी तरह टिकाकर रखा गया है. ग्रामीणों के अनुसार, जलमीनार की स्थिति लंबे समय से खराब है. जलमीनार के आसपास ग्रामीणों और बच्चों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. ऐसे में जलमीनार अचानक गिर सकती है.
जर्जर जलमीनार की मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और पंचायत प्रशासन से जर्जर जलमीनार की तत्काल जांच कराने व मरम्मत की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गयी, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने कहा कि यदि जलमीनार की मरम्मत संभव है तो तत्काल मरम्मत करायी जाये और यदि ढांचा पूरी तरह जर्जर हो चुका है तो उसे सुरक्षित तरीके से हटाया जाये, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो. इसी सोलर जल मीनार से ग्रामीण पानी लेते हैं. जल मीनार गिरा तो बड़ा हादसा हो सकता है.
50 परिवार हैं प्रभावित
सोलर जलमीनार जर्जर रहने के कारण कासपानी गांव के 50 परिवार प्रभावित हैं. इन 50 परिवारों के लिए पेयजल का स्त्रोत यही जलमीनार है. ऐसे में जलमीनार जर्जर रहने से लोगों को परेशानी हो रही है. रस्सी के सहारे जलमीनार बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहा है.
