Jamshedpur news.
झारखंड में लगातार दो विधानसभा चुनावों में हार झेल चुकी भाजपा अब सांगठनिक तौर पर भी कमजोर पड़ती दिख रही है. जमशेदपुर महानगर भाजपा को 2.5 लाख प्राथमिक सदस्य (मिस्ड कॉल के माध्यम से) बनाने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में यह आंकड़ा 50 प्रतिशत तक भी नहीं पहुंच सका. संगठन अब तक सिर्फ 96 हजार प्राथमिक सदस्य ही बना सका है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 1332 बूथों वाले चार विधानसभा क्षेत्रों (पूर्वी, पश्चिम, पोटका, जुगसलाई) में मात्र 900 कार्यकर्ताओं को ही सक्रिय सदस्यता मिल पायी है. भाजपा की ‘एक बूथ, दस यूथ’ नीति यहां पूरी तरह विफल साबित हुई है, यदि इस नारे के मुताबिक संगठन की स्थिति देखी जाये, तो 13320 कार्यकर्ताओं को सक्रिय सदस्यता मिलनी चाहिए थी, लेकिन यह आंकड़ा 1000 से भी नीचे रह गया है.भाजपा की सांगठनिक सुस्ती या गुटबाजी का असर
पार्टी सूत्रों की मानें, तो सदस्यता अभियान और सत्यापन प्रक्रिया दोनों बेहद धीमी और निराशाजनक रही हैं. जिला स्तर के कई बड़े नेता और मंडल प्रभारी इस प्रक्रिया में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं. महानगर भाजपा खेमेबाजी में बंटी हुई दिख रही है, और सांगठनिक चुनावों को लेकर कई मंडलों में गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है. सदस्यता अभियान के तहत मिस्ड कॉल के माध्यम से सदस्य बनाने का दावा किया गया था, लेकिन सत्यापन और सक्रियता देने की प्रक्रिया में लापरवाही दिख रही है. नेता सिर्फ आंकड़े गिनाने में लगे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है.
प्रदेश नेतृत्व के लिए भी चेतावनी
भाजपा की इस सांगठनिक कमजोरी को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं. झारखंड भाजपा ने कल ही बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया है. वे फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष भी हैं, लेकिन अब कयास लगाये जा रहे हैं कि प्रदेश अध्यक्ष बदले जायेंगे और किसी ओबीसी या सामान्य वर्ग के नेता को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है. हालांकि उससे पहले बूथ कमेटी, मंडल कमेटी और जिला अध्यक्षों का चुनाव पूरा होना बाकी है.झारखंड में सत्ता वापसी का सपना देख रही भाजपा की सांगठनिक स्थिति ही डगमगाती नजर आ रही है. कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है और जमीनी स्तर पर संगठन कमजोर होता दिख रहा है. अब देखना होगा कि भाजपा का प्रदेश नेतृत्व इस सदस्यता अभियान की विफलता पर क्या कार्रवाई करता है या फिर इसे भी सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी तक सीमित रखने में कामयाब होगा.
कोट
जमशेदपुर में अब तक 900 सक्रिय सदस्य बनाए जाने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए हैं. सक्रिय सदस्यों के आवेदन की जांच चल रही है. विधानसभा क्षेत्र से और सक्रिय सदस्यों के आवेदन आने हैं. उसके बाद जांच पूरी होगी, उन्हें सत्यापित किया जायेगा. सप्ताह भर के अंदर मंडल व विधानसभा से सक्रियता संबंधी अंतिम सूची मिल जायेगी. पूरी सूची बन जाने के बाद प्रदेश द्वारा नियुक्त उप समिति के संयोजक जेबी तुबिद, सत्यापन प्रभारी गुंजन यादव की मौजूदगी में सत्यापन का कार्य पूरा होगा.– अप्पा राव, सत्यापन प्रभारी
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
