jamshedpur news : जेएनएसी : बिना निबंधन के होटल-लॉज चलाने वालों पर होगी सख्ती
उप-नगर आयुक्त ने सैरात और बाजार शुल्क में सुधार के दिये निर्देश
कहा-राजस्व संग्रह में कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी
jamshedpur news :
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के कार्यालय में मंगलवार को आंतरिक राजस्व संग्रह की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक उप-नगर आयुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में हुई. इसमें राजस्व के विभिन्न स्रोतों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गयी. उप-नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निकाय की आय बढ़ाने के लिए सभी अधिकारियों को धरातल पर उतरकर काम करना होगा. उन्होंने निर्देश दिया कि जेएनएसी एरिया में संचालित सभी होटल और लॉज के पंजीकरण के लिए जल्द ही एक विशेष अभियान शुरू किया जाये. बिना वैध निबंधन के चल रहे प्रतिष्ठानों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाये, ताकि राजस्व की चोरी रोकी जा सके.
सैरात और बाजार शुल्क पर फोकस
समीक्षा के दौरान उप-नगर आयुक्त ने सैरात एवं बाजार शुल्क से होने वाली आय पर असंतोष जताया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इन मदों में राजस्व संग्रह की अपार संभावनाएं हैं. इसलिए संग्रह प्रक्रिया में अपेक्षित सुधार लाएं. उन्होंने कहा कि राजस्व हानि को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना अनिवार्य है.
पालतू कुत्तों का भी होगा निबंधन
जेएनएसी पालतू कुत्तों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू करेगा. इस पहल का उद्देश्य न केवल निकाय के राजस्व को सुदृढ़ करना है, बल्कि शहरी स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को भी बेहतर बनाना है. उप-नगर आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सुनियोजित तरीके से सतत कार्रवाई सुनिश्चित करें. किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय की जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.