jamshedpur news : लापरवाह संवेदकों पर की जायेगी कार्रवाई : डीसी
विकास योजनाओं की समीक्षा में पेयजल और आधारभूत संरचना को समय पर पूरा करने के दिये निर्देश
फोटो-संजीव
विकास योजनाओं की समीक्षा में पेयजल और आधारभूत संरचना को समय पर पूरा करने के दिये निर्देश
jamshedpur news :
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में विभिन्न मदों से संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में अनाबद्ध निधि, डीएमएफटी, नीति आयोग फंड, सीएसआर तथा सांसद-विधायक लैड से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की गयी. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होगा. लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर विधि सम्मत कार्रवाई या भुगतान में कटौती की जायेगी.
उपायुक्त ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को फरवरी माह के अंत तक आवंटित राशि का शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया. जिला योजना अनाबद्ध निधि के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 117 योजनाओं को समय पर पूर्ण कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया. धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उप-विकास आयुक्त को दैनिक मॉनिटरिंग के आदेश दिये गये. साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की 59 नयी योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया. वहीं, आगामी गर्मी को देखते हुए पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता देने, आंगनबाड़ी, पुल-पुलिया, सड़क, स्कूल कक्ष व शौचालय निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिये गये. नीति आयोग और डीएमएफटी योजनाओं को भी तय समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया. बैठक में उप-विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, निदेशक एनइपी संतोष गर्ग, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, जिला योजना पदाधिकारी सुदीप्त राज सहित भवन निर्माण, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और जिला परिषद के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे.