Jamshedpur news.
जमशेदपुर अक्षेस के स्थायी व मानगो नगर निगम के प्रभारी उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार का जलवा बरकरार है. इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जमशेदपुर से स्थानांतरित होने के तुरंत बाद वे फिर जमशेदपुर अक्षेस के मुखिया बनकर लौटे. इतना ही नहीं अब उन्हें मानगो नगर निगम का भी अतिरिक्त प्रभार मिल गया है, इसलिए उनकी अपनी खास व्यस्तता भी हैं. इसका प्रत्यक्ष उदाहरण बुधवार को जदयू विधायक सरयू राय द्वारा मनोनीत जन सुविधा प्रतिनिधियों को देखने का अवसर पर मिला. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा मनोनीत जनसुविधा प्रतिनिधियों को मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने बुलाया और नहीं मिलकर उन्हें अपमानित किया. उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने जन सुविधा प्रतिनिधियों को प्रात 10 बजे मिलने का समय देकर स्वयं कार्यालय से नदारत रहे. इस बारे में विधायक जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने जानकारी देने हुए बताया कि उनके नेतृत्व में जनसुविधा प्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे मानगो नगर निगम के मानगो कार्यालय में उप नगर आयुक्त से मिलने पहुंचा. उप नगर आयुक्त से मिलकर मानगो नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत साफ-सफाई, फोगिंग, पेयजल आदि जनहित के विभिन्न समस्याओं को दुरुस्त करने के लिए एक मांग पत्र सौंपना था. पहले से ही उप नगर आयुक्त से मिलने का समय निर्धारित कर लिया गया था, जिसके तहत उन्होंने स्वयं ही प्रातः 10 बजे मिलने के लिए बुलाया था. जनसुविधा प्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल तय समय पर मानगो नगर निगम कार्यालय पहुंच गये, परंतु घंटों इंतजार के बाद भी उप नगर आयुक्त कार्यालय नहीं पहुंचे. उनसे दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, परंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. यदि उनके पास मानगो क्षेत्र की जनता के कार्यों से भी अधिक आवश्यक कार्य आ गया होता, तो उन्हें सूचित कर देना चाहिए था या कम से कम फोन रिसीव कर लेना चाहिए था. विधायक जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने बताया कि मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त के इस कृत से सभी प्रतिनिधि काफी अपमानित महसूस कर रहे हैं.घंटों इंतजार के बाद भी उप नगर आयुक्त के नहीं आने पर प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांग पत्र को मानगो नगर निगम कार्यालय के दीवार पर चिपका दिया और लगभग एक घंटा तक कार्यालय के बाहर धरना पर बैठकर आक्रोश व्यक्त किया. उसके उपरांत भी जब उप नगर आयुक्त नहीं आए तो प्रतिनिधिमंडल ने तय किया मानगो की समस्याओं को लेकर 10 मार्च (सोमवार) के दिन मानगो क्षेत्र के नागरिकों के साथ मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने धरना पर बैठा जाएगा. जनसुविधा प्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल में मानगो नगर निगम के जनसुविधा प्रतिनिधि पप्पू सिंह, स्वास्थ्य सेवा के प्रतिनिधि नीरज सिंह, उलीडीह मंडल के प्रतिनिधि संतोष भगत और मानगो नगर निगम के प्रतिनिधि पिंटू सिंह शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
