भाजपा जमशेदपुर महानगर की मासिक बैठक में बूथ सशक्तीकरण और एसआइआर अभियान पर जोर

भाजपा जमशेदपुर महानगर की मासिक बैठक में बूथ स्तर को मजबूत करने और एसआइआर अभियान को सफल बनाने पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रमुख संवाददाता, जमशेदपुर

भाजपा जमशेदपुर महानगर की मासिक संगठनात्मक बैठक शनिवार को भालुबासा स्थित आशीष किशोर सभागार में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा जनसरोकार के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी.

बैठक का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने पिछले एक माह के संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं. उन्होंने प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठक आयोजित कर स्थानीय समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान के लिए सक्रिय पहल करने का आह्वान किया. साथ ही आगामी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ सफल बनाने की अपील की. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ''मन की बात'' कार्यक्रम का मंडलों के सभी बूथों पर शत-प्रतिशत आयोजन सुनिश्चित करने वाले पांच मंडल अध्यक्षों को सम्मानित भी किया गया.जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति है. उन्होंने बूथ समितियों को सक्रिय करने, नये सदस्यों को जोड़ने और आम जनता से सतत संवाद बनाये रखने पर बल दिया. एसआइआर अभियान को सफल बनाने के लिए उन्होंने पात्र मतदाताओं का अधिक से अधिक प्रपत्र भरवाने, मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में सहयोग करने तथा बूथ स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं की सूची संगठन को उपलब्ध कराने की भी अपील की.

बैठक को पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, मीरा मुंडा, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी और चंद्रशेखर मिश्रा ने भी संबोधित किया. सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया. बैठक में जिला महामंत्री जितेंद्र राय, सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, प्रभारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Brajesh kumar singh

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >