जमशेदपुर. बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीएम आवास के समीप रहने वाले आकाश कुमार लाल (27) ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद आनन-फानन में पत्नी ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे फंदे से नीचे उतारा और तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार, आकाश पेशे से डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था. वह मूल रूप से परसुडीह का रहने वाला था. करीब एक माह पूर्व ही वह अपनी पत्नी व बच्चे के साथ बिरसानगर में किराये का मकान लेकर रहने आया था.
मिली जानकारी के अनुसार वह नशे का आदी था. बुधवार रात किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद आकाश गुस्से में दूसरे कमरे में चला गया और भीतर से दरवाजा बंद कर फंदे से झूल गया. कुछ देर बाद जब पत्नी कमरे में पहुंची, तो उसे फंदे से लटका देखी. फिर पड़ोसियों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
