चरही: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से लापता हुई नाबालिग की लोकेशन हजारीबाग के चरही में मिली. इसके बाद यूपी पुलिस ने चरही पुलिस के सहयोग से 17 अगस्त की देर शाम चरही-घाटो मार्ग स्थित लाल बंगला क्षेत्र में छापेमारी कर नाबालिग और एक युवक को बरामद किया. दोनों एक किराये के मकान में रह रहे थे.
जानकारी के अनुसार, बागपत जिले के जलालपुर निवासी नाबालिग के परिजनों ने स्थानीय थाना में बेटी के लापता होने और उसके साथ गहने व नकदी ले जाने की शिकायत दर्ज करायी थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की.
जांच के दौरान यूपी पुलिस को जानकारी मिली कि नाबालिग एक युवक के साथ हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र में रह रही है. सूचना मिलने के बाद यूपी पुलिस की टीम चरही पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से लाल बंगला क्षेत्र स्थित किराये के मकान में छापेमारी की. यहां से दोनों को बरामद कर लिया गया.
हजारीबाग कोर्ट में दर्ज हुआ बयान
बरामद नाबालिग का मंगलवार को हजारीबाग कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया गया. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नाबालिग के बयान तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
