बरकट्ठा. प्रखंड क्षेत्र के ग्राम बंडासिंगा मोड़ से डीजे व जेनरेटर लदे पिकअप वैन की चोरी का मामला सामने आया है. इस बाबत ग्राम बेलकप्पी निवासी जितेंद्र पासवान ने गोरहर थाना में आवेदन दिया है. आवेदन के अनुसार, मंगलवार की रात उन्होंने अपनी पिकअप वैन (जेएच02क्यू-8266) अनिल पांडेय के मकान के बाहर खड़ी की थी, बुधवार की सुबह वहां से गाड़ी गायब थी. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर देर रात करीब 12:53 बजे एक अज्ञात चोर वाहन को चोरी कर ले जाते दिख रहा है. जितेंद्र पासवान के अनुसार पिकअप वैन में डीजे सिस्टम के साथ दो जेनरेटर भी लदे हुए थे. काफी खोजबीन के बावजूद वाहन का कुछ पता नहीं चल सका है. गोरहर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.
विज्ञान मॉडल में कस्तूरबा की टीम को पहला स्थान
इचाक. राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम के तहत बुधवार को बीआरसी में प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन बीपीओ डॉ वंदना श्रीवास्तव की देख रेख में किया गया. प्रतियोगिता में प्रखंड के मध्य एवं उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लिया. विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की रिंकी कुमारी व उनकी टीम को प्रथम स्थान मिला. वहीं मध्य विद्यालय बरियठ की करीना कुमारी की टीम को दूसरा एवं मध्य विद्यालय इचाक की छाया कुमारी की टीम को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ. वहीं क्विज में कस्तूरबा विद्यालय की शिवानी कुमारी प्रथम, रिंकी कुमारी द्वितीय एवं उवि सिजुआ की नेहा कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. निर्णायक की भूमिका बीआरपी नरसिंह महतो, सीआरपी हृदयांशु कुमार, रविंद्र कुमार रवि, विज्ञान शिक्षक महेंद्र प्रसाद एवं रिसोर्स शिक्षक थॉमस पासवान ने निभायी. मौके पर विज्ञान शिक्षिका गीता कुमारी समेत विभिन्न विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.