ग्राम विकास में मुखिया की भूमिका महत्वपूर्ण : मंत्री

ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग की प्रमंडल स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला

हजारीबाग. विभावि के बहुउद्देशीय परीक्षा भवन में सोमवार को ग्रामीण कार्य विभाग एवं पंचायती राज विभाग की प्रमंडल स्तरीय एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गयी. इसका उद्देश्य पंचायत स्तर पर सुशासन को सुदृढ़ करना, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनप्रतिनिधियों का क्षमता संवर्धन करना था. इस दौरान मंत्री दीपिका पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्राम एवं ग्रामीणों के समग्र विकास के लिए अनेक योजनाएं चला रखी है. जिन्हें धरातल पर उतारने में मुखिया की भूमिका महत्वपूर्ण है. उन्होंने बताया कि 318 करोड़ रुपये की राशि इस प्रमंडल के ग्राम पंचायतों को उपलब्ध करा दी गयी है, शेष राशि 31 मार्च तक उपलब्ध करा दी जायेगी.

पंचायतों में ज्ञान केंद्र और 15 हजार मासिक भत्ता

मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ज्ञान केंद्र योजना के तहत 928 केंद्र स्थापित किये गये हैं, जहां बेंच, डेस्क, पुस्तकें, कंप्यूटर एवं इंटरनेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी है. उन्होंने कहा कि धनबाद जिला उत्कृष्ट कार्य करते हुए एक मॉडल के रूप में उभरकर सामने आया है, जिससे अन्य जिलों को प्रेरणा लेने की जरूरत है. मंत्री ने बताया कि पंचायतों की मूलभूत जरूरतों की पूर्ति के लिए प्रत्येक पंचायत को 15,000 रुपये प्रतिमाह उपलब्ध कराये जा रहे हैं. उन्होंने गर्मी को देखते हुए सभी मुखिया से जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से पेयजल उपलब्ध करने का अनुरोध किया, ताकि किसी भी ग्रामीण को जल संकट का सामना नहीं करना पड़े.

मंत्री ने बताया कि राज्य बजट का 34 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं एवं बच्चों के लिए आवंटित किया गया है. पंचायत केंद्रों एवं पंचायत भवनों में आधार कार्ड निर्माण सहित विभिन्न जनोपयोगी सेवाएं प्रारंभ करने की दिशा में विभाग कार्यरत है.

पंचायतों का सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

पंचायती राज विभाग की निदेशक राजेश्वरी बी ने कहा कि पंचायतों का सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने योजनाओं के सफल संचालन के लिए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के बीच समन्वय की जरूरत बतायी. मुखियाओं से आह्वान किया कि आवंटित राशि का पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख उपयोग करते हुए स्वच्छता, हेल्प डेस्क, शुद्ध पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का त्वरित समाधान करें. कार्यक्रम के अंत में मंत्री एवं निदेशक ने स्टॉलों का निरीक्षण किया. मौके पर सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, जिप अध्यक्ष, डीडीसी सहित अन्य उपस्थित थे.

बेहतर कार्य करनेवाले मुखिया सम्मानित

सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखिया प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया. सम्मानित होनेवालों में कथरीना हांसदा, कविता सिंह, उषा देवी, सुरेश कुमार महतो, दीपिका देवी, अनीता सोरेन, कौशर खान, चंदा देवी, श्यामदेव यादव, अमित कुमार, कुमारी माधुरी, सीमा सिंह, सीमा कुमारी, पुष्पा कुमारी, पूजा कुमारी, रेखा देवी, काकोली मुखर्जी, पिंकी देवी, उर्मिला देवी, शाहजहां खातून, कुमारी अनीता यादव, अरविंद सिंह शामिल है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >