हजारीबाग: समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई. इसमें विद्यालयों में पठन-पाठन, शिक्षक व विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, पाठ्यपुस्तक वितरण, सेवा संपुष्टि और स्थानांतरण समेत कई बिंदुओं की समीक्षा की गयी.
उपायुक्त ने कक्षा एक से आठ तक में 10 वर्ष से अधिक तथा कक्षा नौ से 12 तक में छह वर्ष से अधिक समय से कार्यरत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया नियमानुसार शुरू करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और नियमित टेस्ट परीक्षा आयोजित कराने को कहा. मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की भी नियमित जांच का निर्देश दिया.
उन्होंने कक्षा एक से पांच तक के बच्चों में धारा प्रवाह पढ़ने-लिखने और बुनियादी विषयों की समझ विकसित करने पर जोर दिया. सेवा संपुष्टि के सभी लंबित मामलों को 25 अगस्त तक भेजने का निर्देश दिया. साथ ही सर्विस बुक अपडेट रखने और विभागीय कार्रवाई का समय पर निष्पादन करने को कहा.बैठक में परीक्ष्यमान समाहर्ता पूर्वा अग्रवाल, डीइओ नीलम कुमारी, डीएसइ आकाश कुमार समेत सभी बीइइओ व संबंधित कर्मी उपस्थित थे.
