बरकट्ठा. थाना क्षेत्र के घंघरी गांव में जीटी रोड पर मंगलवार शाम दो वाहनों की भिड़ंत में पिता-पुत्र समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. बताया गया कि बरही की ओर से आ रहे टेंपो को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में टेंपो सवार सभी लोग घायल हो गये.
घायलों में चौथा बरकट्ठा निवासी शांति देवी (48) पति छोटी सिंह, बरही निवासी नसरुद्दीन मियां (70) पिता स्वर्गीय बुधन मियां, समीर अंसारी (25) पिता सोबराती मियां, बरकट्ठाडीह निवासी जयंती मसोमात (35) पति स्वर्गीय सुरेश यादव तथा मध्यप्रदेश के सतना जिले के बदरा महोरबा निवासी मनोहर प्रदी (26) पिता महेश प्रदी और उनके ढाई वर्षीय पुत्र नीरज कुमार शामिल हैं.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया.
