हजारीबाग में अपात्र राशन कार्डधारियों पर होगी कार्रवाई, 100% ई-केवाईसी कराने का निर्देश

हजारीबाग उपायुक्त ने अपात्र राशन कार्डधारियों के नाम हटाने और पात्र परिवारों को जोड़ने के निर्देश दिए। ई-केवाईसी और खाद्यान्न वितरण की समीक्षा की गई।

हजारीबाग: हजारीबाग जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए उपायुक्त हेमंत सती ने सोमवार को आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्डों से अपात्र लाभुकों का नाम शीघ्र हटाकर पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाये, ताकि जरूरतमंदों को समय पर खाद्यान्न का लाभ मिल सके.

बैठक में उपायुक्त ने गोदाम निरीक्षण, राशन कार्ड सत्यापन, ई-केवाइसी और खाद्यान्न परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि कई अपात्र लोग अब भी राशन का लाभ ले रहे हैं, जबकि वास्तविक पात्र परिवार वंचित हैं. ऐसे मामलों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जाए. साथ ही सभी राशन कार्डधारियों का शत-प्रतिशत ई-केवाइसी पूरा कराने का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) से जीएफसीआइ गोदाम तक खाद्यान्न ढोने वाले वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम की भी समीक्षा की. उन्होंने प्रशिक्षु आइएएस पूर्वा अग्रवाल को जीपीएस ट्रैकिंग के आधार पर औचक निरीक्षण कर परिवहन व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया.

कहा कि प्रत्येक माह मृत, विवाहित, स्थानांतरित एवं अन्य अपात्र सदस्यों के नाम विलोपित किये जाने की प्रखंडवार समीक्षा होगी. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव, प्रशिक्षु आइएएस पूर्वा अग्रवाल, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Jaynarayan

जयनारायण प्रभात खबर से पिछले 22 वर्षों से जुड़े हुए हैं. इन्होंने जन सरोकार और खोजी पत्रकारिता से अपनी पहचान बनायी है. एक्सक्लूसिव खबरों के माध्यम से समाज के मुद्दों को मजबूती से सामने लाने का प्रयास करते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर के हजारीबाग ब्यूरो चीफ हैं.

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >