गर्भवती महिला की मौत, दहेज हत्या का केस दर्ज

डेढ़ साल पहले भाई के साला से किया था प्रेम विवाह

हजारीबाग. प्रेम विवाह के महज डेढ़ साल बाद तीन माह की गर्भवती करिश्मा कुमारी (पति रवि ठाकुर) की 12 जून की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. ससुरालवाले इसे आत्महत्या बता रहे हैं, जबकि मायकेवालों ने इसे सुनियाेजित हत्या करार देते हुए पति और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाये हैं. घटना की सूचक मृतका की भाभी के रहस्यमय ढंग से गायब होने से मामला और उलझ गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है. करिश्मा का ससुराल नावाडीह (इचाक) में, जबकि मायका जोन्हा, अनगड़ा (रांची) में है. वह पिछले कुछ दिनों से कुद (कटकमदाग) में किराये के मकान में ससुरालवालों के साथ रह रही थी. मृतका की बहन सुनीता देवी के अनुसार करिश्मा ने भाई राहुल कुमार ठाकुर के साला रवि ठाकुर से प्रेम विवाह किया था. जिसके बाद ससुराल वाले दहेज को लेकर लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे थे. वह तीन माह की गर्भवती थी. करिश्मा ने दहेज उत्पीड़न की बात दूसरी बहन रिंकी देवी को भी बतायी थी. सुनीता देवी के अनुसार घटना के दिन उसकी भाभी हजारीबाग में थी. जबकि उसने घटना की सूचना अनगड़ा आकर रात 9.30 बजे दी. सूचना देने के बाद वह एक वर्ष के बीमार बच्चे को छोड़कर अचानक कहीं चली गयी. इस संबंध में रांची के जोन्हा थाना में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया है. सुनीता देवी के अनुसार 12 जून की रात सूचना मिली कि करिश्मा कुमारी ने कुद स्थित किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. शव को ससुराल वाले शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रख कर चले गये हैं. जिसकी सूचना शनिवार को कटकमदाग थाना को दी गयी. कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना शनिवार को मिली. जिसके बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. मृतका के भाई द्वारा थाना में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया है. घटना के बाद से ससुराल वाले फरार हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >