हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने मंगलवार को गोस्वामी तुलसीदास केंद्रीय पुस्तकालय का भ्रमण किया. इस दौरान विद्यार्थियों ने पुस्तकालय के कंप्यूटर विभाग में करीब एक घंटे तक ई-संसाधनों के उपयोग और अध्ययन सामग्री की खोज के तरीकों की जानकारी ली.
ऑनलाइन अध्ययन सामग्री खोजने की मिली जानकारी
पुस्तकालय के तकनीकी सहायक उमेश मंडल ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री सर्च करने, उपयोगी सामग्री डाउनलोड करने तथा ई-संसाधनों का प्रभावी तरीके से इस्तेमाल करने की जानकारी दी. राजनीति विज्ञान विभाग के शोधार्थी विकास कुमार यादव, स्वाति कुमारी और चंचल कुमारी वर्मा ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया.
ई-रिसोर्स मेंबरशिप के लिए कराया पंजीकरण
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ई-रिसोर्स मेंबरशिप के लिए पंजीकरण आवेदन भी जमा किया. बताया गया कि राजनीति विज्ञान विभाग के द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थी प्रत्येक मंगलवार को केंद्रीय पुस्तकालय का भ्रमण करते हैं. इस दौरान विद्यार्थी पुस्तकालय के अलग-अलग संभागों में समय बिताकर उपलब्ध संसाधनों की जानकारी लेते हैं.
सभी विभागों को ई-संसाधनों का लाभ लेने की अपील
केंद्रीय पुस्तकालय के निदेशक डॉ विनोद रंजन के सहयोग से यह भ्रमण आयोजित किया गया. उन्होंने सभी विभागों को केंद्रीय पुस्तकालय के ई-रिसोर्स का लाभ उठाने के लिए पत्र भी भेजा है.
