Hazaribagh Crime Review: झारखंड के हजारीबाग जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए शनिवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने पुलिस सभा कक्ष में अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में सभी डीएसपी, एसडीपीओ, पुलिस इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया. एसपी ने गणेश चतुर्थी और विश्वकर्मा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. साथ ही महिला अपराध, साइबर अपराध, वारंट निष्पादन, अवैध खनन और मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ तेज कार्रवाई करने के आदेश दिए.
महिला अपराध और पोक्सो मामलों पर विशेष फोकस
बैठक में एसपी ने महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इन मामलों में दर्ज जितने भी कांड लंबित हैं, उनका अविलंब अनुसंधान पूरा करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. इसके अलावा वर्ष 2026 से पहले दर्ज सभी लंबित मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया.
अगस्त में 289 नए मामले, 666 कांडों का हुआ निष्पादन
अपराध समीक्षा के दौरान जिले के प्रदर्शन का भी आकलन किया गया. एसपी ने बताया कि अगस्त 2026 में जिले के विभिन्न थानों में कुल 289 नए मामले दर्ज हुए, जबकि 666 मामलों का निष्पादन किया गया. इसी अवधि में पुलिस को 1100 वारंट और कुर्की के आदेश प्राप्त हुए, जिनके मुकाबले 1396 वारंट और कुर्की का निष्पादन किया गया. पासपोर्ट सत्यापन के क्षेत्र में भी पुलिस ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक काम करते हुए 1067 प्राप्त आवेदनों के मुकाबले 1137 पासपोर्ट सत्यापन का निष्पादन किया.
लंबित वारंट और कुर्की पर चलेगा विशेष अभियान
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जमानती और गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती से जुड़े लंबित मामलों को विशेष अभियान चलाकर जल्द पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए लंबित वारंटों का समयबद्ध निष्पादन जरूरी है.
हर हफ्ते थाना दिवस, जमीन विवाद सुलझाने पर जोर
बैठक में सभी एसडीपीओ, डीएसपी, पुलिस इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों को प्रत्येक सप्ताह थाना दिवस आयोजित करने का निर्देश दिया गया. इस दौरान स्थानीय अंचलाधिकारी के साथ संयुक्त बैठक कर जमीन विवाद से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा. पुलिस का मानना है कि भूमि विवाद कई बार गंभीर आपराधिक घटनाओं की वजह बनते हैं, इसलिए उनका समय रहते समाधान जरूरी है.
साइबर अपराध और जनजागरूकता पर भी रहेगा जोर
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर अनुसंधान पूरा कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया. साथ ही आम लोगों को साइबर ठगी, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जागरूकता अभियान भी अपराध रोकने का प्रभावी माध्यम है.
मादक पदार्थ तस्करों और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई
बैठक में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया गया. एसपी ने तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा. इसके साथ ही संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त लोगों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सीसीए, थाना हाजिरी और गुंडा पंजी के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने का निर्देश भी दिया गया.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के 7 जिलों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, शिक्षा विभाग के 58 लिपिकों का तबादला, 134 कर्मचारियों का संवर्ग तय
जेल से बाहर आए अपराधियों पर रहेगी नजर
एसपी अमन कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आए अपराधियों की सूची तैयार की जाए और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए. उन्होंने कहा कि संवेदनशील और सक्रिय अपराधियों की निगरानी से अपराध की पुनरावृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है. बैठक के अंत में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आम जनता की समस्याएं गंभीरता से सुनने और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लोगों का भरोसा मजबूत करना भी है.
इसे भी पढ़ें: Hazaribagh Science Exhibition: रोजबड स्कूल की विज्ञान प्रदर्शनी, 'बाढ़ नियंत्रण' मॉडल रहा अव्वल