हजारीबाग: जिले के कटकमसांडी प्रखंड के होरिया गांव में घरेलू विवाद को लेकर शनिवार की देर रात चंचला देवी नामक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ घर स्थित कुएं में छलांग लगा दी. इस घटना में उसके दोनों बच्चों की मौत हो गयी, जबकि महिला को ग्रामीणों ने बचा लिया. इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी.
बताया जाता है कि कटकमसांडी प्रखंड के रेबर पंचायत के नवाखाप गांव की चंचला देवी की शादी उसी पंचायत के होरिया गांव निवासी जन वितरण प्रणाली दुकानदार टिकेश्वर यादव के पुत्र प्रदीप यादव के साथ हुई थी. प्रदीप यादव बाहर रहकर ट्रेलर चलाने का काम करता है.
ग्रामीणों के अनुसार टिकेश्वर यादव के घर में पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर पुत्रवधू चंचला देवी के साथ विवाद चल रहा था. शनिवार की देर रात अचानक किसी बात को लेकर चंचला देवी ने अपने ढाई साल की बेटी और एक साल के बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी. ग्रामीणों की मदद से महिला और बच्चों को कुएं से निकाल कर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया. जबकि चंचला देवी का इलाज चल रहा है.
पिता की अनुपस्थिति में मृत बच्चों को दफनाया
ग्रामीणों के अनुसार मृत बच्चों को पिता की अनुपस्थिति में आनन-फानन में रविवार की अहले सुबह पांच बजे दफना दिया गया. ग्रामीणों के मुताबिक घटना सुनकर प्रदीप यादव घर आना चाहता था, लेकिन परिजनों ने उसे आने से मना कर दिया. इधर, घटना के बाद मुखिया प्रतिनिधि के नेतृत्व में देर रात तक पंचायत चलती रही. मुखिया प्रतिनिधि हलधर यादव ने बताया कि कुआं में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गयी है. उसके आगे उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया.
हर बिंदु पर जांच-पड़ताल जारी : थाना प्रभारी
घटना की सूचना मिलते ही कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश दल-बल के साथ होरिया गांव पहुंचे. मामले की जांच शुरू की. महिला ने बच्चों के साथ कुएं में छलांग क्यों लगायी, फिलहाल परिजनों ने इसका स्पष्ट कारण नहीं बताया. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि घटना काफी मर्माहत कर देने वाली है. घटना कैसे घटी, फिलहाल इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है. हालांकि हर बिंदु पर जांच-पड़ताल की जा रही है. घटना की सत्यता सामने आने के बाद दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. समाचार लिखे जाने तक थाना में मामला दर्ज नहीं किया गया था.
